बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर में लंबे समय से रिक्त चल रहे निदेशक के पद पर सोबन सिंह विश्वविद्यालय ने निदेशक की नियुक्ति कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. कमल किशोर जोशी को प्रभारी निदेशक नियुक्त किया गया है। निदेशक की नियुक्ति होने के बाद परिसर में रुके हुए प्रशासनिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
परिसर में 27 सितंबर के बाद प्रभारी निदेशक परिसर में नहीं पहुंचे थे। परिसर के छात्रसंघ पदाधिकारी भी परिसर में निदेशक की नियुक्ति करने की मांग कर रहे थे। अमर उजाला ने मंगलवार को प्रकाशित अंक में एक माह से बीडी पांडेय परिसर नहीं पहुंचे शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। विश्वविद्यालय की ओर से खबर का संज्ञान लेकर बृहस्पतिवार को परिसर में वनस्पति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत डॉ. जोशी को प्रभारी निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। परिसर में निदेशक की नियुक्ति होने के बाद रुके हुए प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों के सुचारू रूप से संचालित होने की उम्मीद जताई जा रही है। नवनियुक्त निदेशक डॉ. जोशी ने बताया कि उनका प्रयास परिसर में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान और मूलभूत संसाधनों के विकास को प्राथमिकता देना रहेगा।