जनपद के ग्राम सभा ढपटी के चार तोक ट्रांसफार्मर फुंकने से बगैर बिजली के रहने को मजबूर हैं। कई बार विभाग को शिकायत करने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने तीन दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
ढपटी गांव के ढुंगधारा, छुवागाड़, भावरीखेत व साता में लगा ट्रांसफार्मर एक माह पूर्व फुंक गया था। तब से यह सभी तोक अंधेरे में हैं। लोगों को केरोसिन से उजाला करने को मजबूर होना पड़ रहा है। यहां तक बिजली नहीं होने से संचार सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा है। लोगों केे अपने मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए पड़ोस के गांवों में जाना पड़ रहा है।
बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी पावर कार्पोरेशन नया ट्रांसफार्मर नहीं लगा रहा है। इस उपेक्षा से ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है। ग्रामीण मदन सिंह राठौर, मंगल सिंह, जयंत सिंह, भगवान सिंह, त्रिलोक सिंह, हरीश धामी ने तीन दिन के भीतर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।