बागेश्वर। इंडोर स्टेडियम में दो दिनी राज्य स्तरीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आगाज किया गया। प्रतियोगिता में सात जिलों के 180 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन हुई प्रतियोगिताओं में बागेश्वर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पीएमजीएसवाई अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट और विधायक पार्वती दास ने किया। अतिथियों ने कहा कि ताइक्वांडो खेल में जिले का विशिष्ट स्थान रहा है। जिले में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन बच्चों और युवाओं को ताइक्वांडो के लिए प्रेरित करने में मददगार साबित होगा। जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता में बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। दो दिनों के दौरान 120 से अधिक मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का संचालन राजेंद्र पूना ने किया। इस मौके पर अनिल कार्की, दीप चंद्र जोशी, केएन कांडपाल, प्रताप सिंह डसीला, कुंदन कालाकोटी, महिपाल गढि़या, शुभम साह, धीरज साह, एनडी पांडेय, मनोज रावत आदि मौजूद रहे। संवाद
इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
बागेश्वर। बुधवार को आयोजित मुकाबलों के अंडर-14 बालिका वर्ग में बागेश्वर की माही, भूमिका टाकुली, प्रतीक्षा, लता कोरंगा और पूजा अपने-अपने भार वर्ग में विजेता रहीं। अंडर-14 आयु के बालक वर्ग में बागेश्वर के गोकुल गिरी गोस्वामी, हर्षित नेगी, प्रियांशु, अभय पांडेय और योगेश ने भी अपने-अपने भार वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में अल्मोड़ा की मनीषा और आस्था ने भी 24 से 26 और 35 से 38 किग्रा भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। संवाद