बागेश्वर। प्रदेश में पहली बार हो रहे राज्य स्तरीय सांस्कृतिक समागम/ प्रतियोगिता का डायट सभागार में रंगारंग आगाज हुआ। दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागी डीएलएड प्रशिक्षुओं ने लोक गीत, संगीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक समागम में सात जिलों के 56 प्रतिभागी शिरकत कर रहे हैं।
इंटर डायट कल्चर मीट का शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भावी शिक्षकों को संवेदनशील बनाने में मददगार साबित होंगे। विशिष्ट अतिथि राज्य स्तरीय पीएमजीएसवाई अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने लोक परंपरा और संस्कृति को समेटे हुए शिक्षण के दृष्टिकोण को लेकर तैयार किए गए कार्यक्रम के लिए डायट प्रवक्ताओं की सराहना की। विशिष्ट अतिथि लोक गायक और रंगकर्मी दीवान सिंह कनवाल ने विद्यार्थियों को लोक गीत और वाद्य यंत्रों की जानकारी दी।
कार्यक्रम समन्वयक रवि कुमार जोशी ने बताया कि सांस्कृतिक समागम के आयोजन का मकसद विद्यालयी शिक्षा में लोक संगीत, लोक नृत्य, नाटिकाएं, बाल गीत, लोक कथाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास करना है। कार्यक्रम की संकल्पना राष्ट्रीय शिक्षा नीति के स्कूल स्तर पर स्थानीय संगीत, कला, भाषा, हस्तकौशल को बढ़ाने और प्रोत्साहित करने के उद्देश्यों पर आधारित है। प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने सभी अतिथियों का आभार जताया और प्रतिभागियों की हौसला अफजाई की। संवाद
प्रतिभागी टीम में छह प्रशिक्षु और दो प्रशिक्षक शामिल
बागेश्वर।
सांस्कृतिक समागम में बागेश्वर, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के डायट की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रत्येक टीम में छह प्रतिभागी डीएलएड प्रशिक्षु और दो मार्गदर्शक प्रशिक्षक शामिल हैं। बुधवार को प्रशिक्षुओं की चार-चार टीमों ने क्रमश: लोकगीत, लोक नृत्य / नृत्य नाटिका, समूह गीत और बाल गीतों का प्रस्तुतीकरण किया। प्रतियोगिता के निर्णायक रतन सिंह किरमोलिया, नेहा बघरी और राजेंद्र प्रसाद हैं। संवाद
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
सांस्कृतिक समागम में कृषि कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष केसी मिश्रा, वृक्ष पुरुष किशन सिंह मलड़ा, रमेश प्रकाश पर्वतीय, दीप चंद्र जोशी, आरती जैन, डॉ. शैलेंद्र धपोला, डॉ. प्रेम सिंह मावड़ी, डॉ. दिनेश खेतवाल, शिवराज सिंह तड़ागी, मनोज भाकुनी, विनोद बसेड़ा, डॉ. अजंता बिष्ट, अनिल डोभाल, डॉ. राजीव जोशी, डॉ. केएस रावत, डॉ. सीएम जोशी, डॉ. संदीप कुमार जोशी, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. बीडी पांडेय, डॉ. मनोज चौहान, कैलाश प्रकाश चंदोला मौजूद रहे।