बागेश्वर। कोराना काल में भी डॉक्टरों के खाली पद नहीं भरे जा सके हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ, कपकोट, कांडा में फिजिशियन नहीं हैं। फिजिशियन की कमी लोगों पर भारी पड़ रही है। उन्हें इलाज के लिए महानगरों की दौड़ लगानी पड़ रही है। हालांकि जिला अस्पताल बागेश्वर में फिजिशियन होने से कुछ हद तक लोगों को राहत मिली है।
जिले के अन्य तहसीलों में स्थापित अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी लंबे समय से है। इसका बुरा असर रोगियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। फिजिशियन के साथ ही डॉक्टरों के अन्य पद भी खाली हैं। सीएचसी बैजनाथ में शल्यक, पैथोलॉजिस्ट, निश्चेतक, डेंटल सर्जन, सीएचसी कपकोट में ऑर्थोपैडिक सर्जन, सर्जन, निश्चेतक, बाल रोग विशेषज्ञ, सीएचसी कांडा में सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, निश्चेतक के पद खाली हैं। सीएमओ कार्यालय के अनुसार जिले में 104 पदों के सापेक्ष 73 डॉक्टर तैनात हैं। 31 पद खाली हैं। सीएमओ डॉ. भगत सिंह रावत ने बताया कि डॉक्टरों के खाली पद भरने के लिए कई बार मांग की गई है। शीघ्र ही जिले में कुछ नए डॉक्टरों की तैनाती होगी। फिजिशियन के पद भी भरे जाने की मांग की गई है।