आंगनबाड़ी, मिनी कार्यकत्रियों और सेविकाओं की बेमियादी हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। मांगों को पूरा न किए जाने से नाराज आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषाहार वितरण का कार्य ठप करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
राज्य कर्मचारी घोषित करने, मिनी केंद्र को उच्चीकृत करने, सुपरवाइजर पदों पर शत प्रतिशत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को और कार्यकर्त्री के रिक्त पदों पर सहायिका को पदोन्नत देने की मांग को लेकर रविवार को भी कार्यकर्त्रियों और सेविकाओं ने बाल विकास परियोजना अधिकारी के कार्यालय परिसर में धरना दिया। धरना स्थल पर हुई सभा में कार्यकत्रियों ने सरकार पर उनकी उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि यदि उनकी मांगों को सरकार पूरा नहीं करती है तो आगामी विधान सभा चुनावों का बहिष्कार किया जाएगा। धरना प्रदर्शन करने वालों में रीता साह, देवकी रावल, रीना गुरुरानी, मरियम डेविड, लीला आर्या, मोहिनी पर्वतीय आदि कार्यकर्त्रियां शामिल थीं।