मतदाताओं को जागरूक करने के लिए यहां पहली बार मतदाता जागरूकता महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार का सही प्रयोग का संदेश देना है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम मंगेश घिल्डियाल ने नुमाईशखेत मैदान में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में बूथों पर जाकर शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की। कहा कि मतदान किसी के भी बहकावे में आकर न किया जाए।
डीएम घिल्डियाल ने 96 वर्ष की दो वृद्ध महिला मतदाताओं को साल ओढ़ाकर सम्मानित किया। शुभारंभ पर राजीव जोशी के नेतृत्व में कुमाऊंनी खड़ी होली के गीतों का मंचन किया गया। महिलाओं की महेंदी, रंगोली प्रतियोगिता और कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। राइंका बागेश्वर, कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल बागेश्वर, सरस्वती विद्या मंदिर बागेश्वर, राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट ,राजूहा स्कूल पिंगलों आदि ने स्टाल लगाकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पपेट शो, दीवार पत्रिका, बाल शोध आदि का प्रदर्शन किया।
ग्राम्या,आजीविका, सर्व शिक्षा, युवा कल्याण, महिला स्वयं सहायता समूह और शिक्षा विभाग द्वारा स्टाल लगाकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पोस्टर लगाए गए। निर्वाचन कार्यालय ने पोलिंग बूथ में मतदान प्रक्रिया जानने के लिए एक डैमो का प्रदर्शन किया। डीएम ने स्टालों की सराहना की। इससे पहले विभिन्न स्कूलों के बच्चों और एनसीसी और एनएसएस कैडेटों द्वारा विशाल मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
वहां एसपी सुखवीर सिंह, सीडीओ एसएसएस पांगती, एडीएम एसएस जंगपांगी, डीडीओ केएन तिवारी, डीपीआरओ पूनम पाठक आदि थे। महोत्सव का संचालन स्वीप प्रभारी दीप जोशी ने किया।
उधर राजकीय आदर्श राइंका कपकोट के प्रधानाचार्य एनके आर्य के निर्देशन में बच्चों ने जोरदार नारेेबाजी के जागरूकता रैली निकाली। राजूहा अमतौड़ा के प्रधानाध्यापक चरण सिंह बघरी, राउमावि बहुली के प्रधानाध्यापक विनोद प्रकाश, लाल बहादुर शास्त्री इंका सनेती के प्रधानाचार्य नंद किशोर कांडपाल, राइंका काफलीगैर, इंटर कालेज दफौट के प्रधानाचार्य वीएस रावत के निर्देशन एनएसएस और एनसीसी कैडेटों ने जोरदार नारेेबाजी के साथ जागरूकता रेली निकाली।