जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल प्राथमिक पाठशाला छाती तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय छाती का औचक निरीक्षण कर विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्राथमिक पाठशाला में कार्यरत एकल शिक्षक अनुपस्थित मिले। जबकि प्रेरक द्वारा कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अनुपस्थित शिक्षक से स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।
शनिवार को किए गए निरीक्षण में उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात तीन शिक्षकों में से एक शिक्षक कार्यरत पाया गया। बताया गया कि दो अध्यापक खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए स्कूली बच्चों को लेकर राजकीय इंटर कॉलेज कांडे गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक अध्यापक को ही बच्चों को लेकर जाना चाहिए था, जिससे कि पठन-पाठन में व्यवधान नहीं होता।
जिलाधिकारी ने दोनों विद्यालयों के छात्रों से गणित एवं सामान्य ज्ञान सहित अन्य विषयों पर प्रश्न पूछे। छात्रों द्वारा उत्तर नहीं दिए जाने पर जिलाधिकारी ने अध्यापकों को बच्चों के पठन-पाठन में विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने मध्याह्न भोजन का भी निरीक्षण किया तथा छात्रोें के साथ बैठकर स्वयं भी भोजन किया। बच्चों को मोटे चावल खाने में परोसे जाने पर उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश देने के साथ ही बच्चों को अच्छा चावल उपलब्ध कराने को कहा।
विद्यालय में विद्युत संयोजन नहीं पाए जाने पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को एक सप्ताह के भीतर विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांडा का निरीक्षण भी किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को सफाई व्यवस्था ठीक करवाने के निर्देश दिए। डीएम ने भ्रमण के दौरान आधार कार्ड जोड़े जाने के संबंध में चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्राम छाती, घिंघारूतोला, कांडा आदि सस्ते गल्ले की दुकानों का निरीक्षण करते हुए फार्म भरने की प्रक्रिया के संबंध में राशन विक्रेताओं से जानकारी प्राप्त की।