विधानसभा चुनाव 2017 के दौरान रुद्रप्रयाग जिले में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन और नवाचार के लिए तत्कालीन डीएम रंजना राजगुरु को राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। भारत उनको यह अवार्ड निर्वाचन आयोग की ओर से राष्ट्रीय मतदाता कार्यक्रम के मौके पर राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा। उत्तराखंड राज्य में इस पुरस्कार के लिए चयनित होने वाली वे अकेली डीएम/ जिला निर्वाचन अधिकारी हैं। डीएम पुरस्कार प्राप्त करने के लिए दिल्ली रवाना हो गई हैं।
2017 में हुए विधान सभा चुनावों में रुद्रप्रयाग की तत्कालीन डीएम रंजना राजगुरु ने स्वीप के सहयोग से कई नवाचार किए थे। रंजना के अनुसार इसमें कॉफी एट कैंपस कार्यक्रम से युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करना, महिलाओं को प्रेरित करने के लिए गढ़वाली भाषा में प्रचार-प्रसार करना शामिल रहे। इसके अलावा गढ़वाली भाषा में गाए गए स्वीप गान, सामुदायिक रेडियो से लोगों को मतदान के लिए जागरूक करना, दिव्यांग मतदाताओं के लिए डोली की व्यवस्था करना शामिल रहे।
इससे वहां पर पिछले चुनावों की अपेक्षा मतदान प्रतिशत बढ़ा था। उन्होंने बताया कि सड़क की मांग को लेकर 10 साल से चुनावों का बहिष्कार कर रहे गोंडार के ग्रामीणों को गांव पहुंचकर मतदान का महत्व समझाया। इसके बाद 82 प्रतिशत ग्रामीण मतदाताओं ने वोट डाले। पोथी और गड़क के बूथों में भी मतदान प्रतिशत में काफी बढ़ोत्तरी हुई।
केदारनाथ से सटे एक गांव में 94 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग जनपद में पोस्टल बैलेट का मतदान प्रतिशत शत प्रतिशत जबकि सर्विस वोटिंग 94 प्रतिशत रही। महिलाओं के मतदान प्रतिशत में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई थी।