कांडा के स्कूल में पढ़ाते डीएम
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने तहसील कांडा के आदर्श विद्यालय जेएस माजिला स्मारक जीआईसी कांडा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षकों के अध्यापन कार्य को देखा। कॉलेज में छात्रों की उपस्थिति की जानकारी लेने के साथ ही स्वयं कक्षा में जाकर पढ़ाया।
उन्होंने छात्रों से संबंधित विषय के साथ ही सामान्य ज्ञान के सवाल भी पूछे। डीएम ने कॉलेज में कार्यरत शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। सभी शिक्षकों को मनोयोग से पढ़ाना होगा ताकि आगे चल कर बच्चे अपने लिए उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।
उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ कॉलेज में सफाई रखने के निर्देश भी दिए। प्रधानाचार्य शिवप्रसाद आर्या ने डीएम को कॉलेज में पानी की किल्लत के बारे में बताया। इसके साथ ही इंटर कक्षा में हिंदी, रसायन विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र, संस्कृत विषयों के प्रवक्ताओं के खाली पदों पर नियुक्ति कराने और रात्रि चौकीदार की व्यवस्था हेतु अनुरोध किया गया।