सांड़ों की भिड़ंत से गोमती पुल पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
बागेश्वर। बागेश्वर नगर के व्यस्ततम गोमती पुल के पास दो लावारिस सांड़ आपस में भिड़ गए। इस भिड़ंत में एक गाय का पैर टूट गया। इस दौरान आधा घंटे का जाम लग गया। राहगीरों में अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों द्वारा लाठी, डंडों से सांड़ों को खदेड़ने के बाद यातायात बहाल हुआ।
शनिवार को दिन में करीब एक बजे गोमती पुल के पास दो सांड़ भिड़ गए। इन सांड़ों की लड़ाई में एक गाय के सड़क पर गिरने से पैर टूट गया। व्यस्ततम सड़क में सांड़ों की लड़ाई से राहगीरों में अफरातफरी मच गई। वाहनों का संचालन ठप होने से तहसील रोड, एसबीआई बैंक की ओर जाम लग गया।
स्थिति को देेखते हुए आसपास के दुकानदारों ने लाठी, डंडे लेकर सांड़ों को भगाया। करीब आधा घंटे बाद ही स्थिति सामान्य हुई। लोगों की सूचना पर पशु अस्पताल से पहुंचे डॉक्टरों ने घायल गाय का उपचार किया। इससे पहले भी यहां सांड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।
इसके बावजूद लावारिस छोड़े गए सांड़ों, गायों को गोसदन नहीं पहुंचाया गया है। नगरपालिका ने पहले नगर में घूमने वाले जानवरों को गो सदन बाजपुर भेजा था। इसके बावजूद लावारिस पशुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आ रही है। नगरवासियों ने पालिका से नगर में घूमने वाले जानवरों को खोड़ में डालने और गाय, बछड़ों को सड़कों पर छोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।