जिलाधिकारी रंजना ने कपकोट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण की जानकारी लेते हुए हाइरिस्क वाली गर्भवती महिलाओं की सूची अपडेट रखने के साथ ही कक्ष में महिलाओं के स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी पोस्टर चस्पा करने को कहा। डीएम ने दवा वितरण केन्द्र का निरीक्षण करते हुए फार्मेसिस्ट को कक्ष के बाहर भंडार में उपलब्ध दवाईयों की सूची डिस्प्ले बोर्ड में चस्पा करने तथा एक्सपायरी डेट की दवाइयों की अलग सूची तैयार कर पहले उनका वितरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जीवन रक्षक दवाईयों की हमेशा उपलब्धता बनाए रखने को कहा। प्रबंधक ने बताया कि ईएनटी, रेडियोलाजिस्ट, एनसथीसिया के पद रिक्त होने के कारण सर्जरी नहीं हो पा रही है। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों तथा अन्य स्टाफ ने चार माह से वेतन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर डीएम ने एसडीएम से उनके मुख्यालय को पत्र जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी वार्डों का निरीक्षण करते हुए मरीजों से उनका हाल चाल जाना।
गंभीर बीमारी से पीड़ित सामाजिक कार्यकर्ता गोविंद सिंह कपकोटी का हाल चाल भी जाना और हायर सेंटर में निशुल्क उपचार के लिए मुख्य मंत्री स्वास्थ्य बीमा कार्ड तथा पूर्व में किए गए परीक्षण रिपोर्ट चिकित्सकों को उपलब्ध कराने को कहा। प्रबंधक ने एंबुलेंस के खराब होने और पानी नहीं की समस्या रखी। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बिखरे पड़े पुराने फर्नीचर एवं ह्वील चेयर को देखकर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रबंधक को निष्प्रयोज्य सामान की नीलामी की कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहां सीडीओ एसएसएस पांगती, एसडीएस आरएस बिष्ट, डीडीओ केएन तिवारी, तहसीलदार पूरन सिंह, प्रभारी चिकित्सक डॉ. बृजेन्द्र सिंह रावत आदि मौजूद थे।
21 बीजीएस 07 पी - कपकोट अस्पताल का निरीक्षण करती डीएम रंजना।