बागेश्वर के डीएम रंजना राजगुरु की मौजूदगी में हुई धान की फसल कटाई।
- फोटो : BAGESHWAR
डीएम रंजना राजगुरु ने शनिवार को ग्राम गढ़ियागांव में कृषक नारायण दत्त पांडे के खेत में पहुंचकर क्रॉप कटिंग की। कृषि एवं सांख्यिकीय विभाग ने गढिया गांव के निवासी नारायाण दत्त पांडे के खेत में 30 वर्गमीटर का भू-खंड बनाकर नियमानुसार क्रॉप कटिंग के लिए चिन्हित किया था।
डीएम ने 30 वर्गमीटर के प्लॉट में महिलाओं के साथ धान कटाई की। क्रॉप कटिंग के दौरान निर्धारित खेत से कुल 13.1 किग्रा धान मिला। इसमें से नियमानुसार सोख्ता घटाते हुए कुल 30 वर्गमीटर से 10.77 किग्रा निर्धारित किया गया। इस प्रकार एक हेक्टेयर जमीन में कुल 30 क्विंटल धान मिलेगा, जो प्रति हेक्टेयर औसत धान उत्पादन 22 क्विंटल से अधिक है। डीएम ने कहा कि युवाओं को भी कृषि की ओर ध्यान देना चाहिए। यहां एसडीएम राकेश तिवारी, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा, तहसीलदार नवाजिश खलिक आदि रहे।