जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया कंट्रोल रूम और पंचस्थानी कार्यालय का निरीक्षण
बागेश्वर। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम आशीष भटगांई ने पंचायत चुनाव के लिए स्थापित कंट्रोल रूम और पंचस्थानी कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को चेताया कि चुनाव ड्यूटी में गलती की कोई गुंजाइश नहीं। प्रत्येक कर्मचारी दिए गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें।
विकास भवन स्थित कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कंट्रोल रूम प्रभारी को तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टरवार लगाने को कहा। उन्हें प्रत्येक दिन आने वाली फोन कॉल को पंजिका में अंकित कर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए। वहां पर डीडीओ संगीता आर्या, प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रेम प्रकाश, आशीष शर्मा आदि मौजूद रहे।
ताम्र आउटलेट का किया निरीक्षण
बागेश्वर। डीएम ने जिला प्रशासन के सहयोग और संवाद वेलफेयर सोसाइटी की ओर से संचालित ताम्र आउटलेट का निरीक्षण किया। उन्होंने बिक्री के लिए रखे गए तांबे से बने उत्पादों की जानकारी ली। आउटलेट संचालक को उत्पादों की क्वालिटी और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीडीओ संगीता आर्या से इन हस्तनिर्मित और स्थानीय उत्पादों को स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति सहित अन्य मौकों पर भेंट देने की व्यवस्था करने को कहा। आउटलेट में ताम्र निर्मित भकोरा, रणसिंघा, पंचपात्र, पंचमुखी दीये, हवनकुंड, गागर और अन्य उत्पाद उपलब्ध हैं। संवाद