वन भूमि हस्तांतरण संबंधी मामलों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी विभागों को एक सप्ताह के भीतर वन भूमि हस्तांतरण के लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हस्तांतरण संबंधी कार्रवाई पूरी होने पर आनलाइन कर नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराने को कहा।
वन भूमि हस्तांतरण संबंधी बैठक में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने लंबित प्रकरणों की विभाग वार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि जिला स्तर पर जो भी वन भूमि हस्तांतरण संबंधी मामले प्राप्त होते हैं उन पर तेजी से काम करते हुए वन विभाग, शासन और नोडल स्तर पर भेजने की कार्यवाही करें। उन्होंने अधिकारियों को जिले में भूमि हस्तांतरण के जितने भी प्रकरण विवाद या किसी अन्य कारणों से लंबित है उन्हें संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र निस्तारित करने का प्रयास करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को भूमि हस्तांतरण के मामलों में की गई कार्रवाई से अगली बैठक में अवगत कराने को कहा। बैठक में लोनिवि, पीएमजीएसवाइ के अधिकारियों को मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लिंक मोटर मार्गों के आरंभ स्थल पर दूरी और स्थान संबंधी साइन बोर्ड लगाने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में डीएसपी महेश चंद्र जोशी, ईई पीएमजीएसवाइ राजेंद्र प्रसाद, ईओ पालिका ईश्वर सिंह रावत, सहायक अभियंता सौरभ कुमार, एसडीओ वन सत्येंद्र नाथ त्रिपाठी आदि मौजूद थे।