जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने शनिवार को विनियमित क्षेत्र कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध निर्माण संबंधी मामलों में किसी को नोटिस जारी न किए जाने, अवैध निर्माण करने वालों का चालान न करने और केस डायरी को ठीक से नहीं रखने पर विनियमित क्षेत्र के अभियंता को कड़ी फटकार लगाई। अवैध निर्माण के कार्यों को चिंहित कर आवश्यक कार्रवाई करने और मामलों का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट एसडीएम को देने को कहा।
लेखागार कक्ष का निरीक्षण के दौरान डीएम ने संग्रह अमीनों को राजस्व वसूली तेजी लाने के निर्देश दिए। तहसीलदार गौरी दत्त तिवारी ने बताया कि बड़े बकाएदारों में एक की गिरफ्तारी हुई जिसे वसूली के बाद छोड़ दिया गया। तहसीलदार को लंबित मामलों का निस्तारण शीघ्र करने, तहसील और न्यायालय भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। नजारत कक्ष का निरीक्षण कर पटवारी वर्दी भत्ता पंजिका का अवलोकन किया।
डीएम ने आपदा उपकरण स्टोर रूम का भी निरीक्षण कर एसडीएम को उपकरणों के रखरखाव के लिए एक नोडल अधिकारी की तैनाती कर हर 15 दिन में उपकरणों को चैक करने को कहा। ई-डिस्ट्रिक्ट कक्ष का निरीक्षण करते हुए पटल सहायक को चरित्र और आय प्रमाण पत्रों को समय से निर्गत करने के निर्देश दिए। वहां एसडीएम श्याम सिंह राणा, तहसीलदार गौरी दत्त तिवारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दीप भट्ट, रजिस्ट्रार कानूनगो शिव दत्त तिवारी, नायब तहसीलदार दया चंद्र टम्टा, शासकीय अधिवक्ता बसंत बल्लभ पाठक, नाजिर गणेश दत्त तिवारी मौजूद थे।