पीजी कालेज बागेश्वर के छात्र-छात्राओं का सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौरा में शुरू हो गया है। शिविर का उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य डॉ.चंद्रा खत्री ने किया। उन्होंने शिविरार्थियों से अनुशासन पूर्वक शिविर में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ.रंजना साह ने सात दिनों तक होने वाले क्रियाकलापों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सात दिनों तक शिविरार्थी स्कूल परिसर सहित गांव में स्वच्छता अभियान चलाएंगे। इसके अलावा जागरूकता परक कार्यक्रमों में भी प्रतिभाग करेंगे। प्रतिदिन शारीरिक और बौद्धिक सत्र का आयोजन किया जाएगा। शिविर के उद्घाटन अवसर पर शिविरार्थियों ने परिसर में साफ सफाई की।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में जिला एनएसएस समंवयक नीमा पंत, बीएस कोरंगा, हरीश सिंह, आनंदी देवी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ.संजय कुमार, डॉ.दीपा कुमारी, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. भगवती नेगी, डॉ. शालिनी पाठक आदि ने कार्यक्रम को संबोधित किया।