बागेश्वर। मजियाखेत क्षेत्र के नलों में पिछले तीन दिनों से दूषित पानी आ रहा है। इसके चलते लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के लिए लोग दो किमी दूर बिलौना धारे से पानी जुटाने को मजबूर हैं। लोगों ने जलसंस्थान से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की मांग की है।
पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण गाड़-गधेरों और नदियों में मिट्टी युक्त पानी आ रहा है। छोटी-बड़ी योजनाओं में फिल्टरेशन की बेहतर व्यवस्था नहीं होने से नलों में मटमैला पानी आ रहा है। नगर के मजियाखेत में पिछले तीन दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है।
यहां क्षेत्र में दो योजनाओं का पानी आता है। लेकिन, दोनों योजनाओं में गंदा पानी आने से लोग परेशान हैं। अधिकांश लोग पीने के लिए बिलौना के धारे से पानी ला रहे हैं। नगर के अन्य इलाकों में भी नलों इसी तरह से मिट्टी युक्त पानी आने की शिकायतें मिल रही हैं।
नलों में गंदा पानी आने से सभी स्थानों पर लोग परंपरागत स्रोतों से ही जलापूर्ति कर रहे हैं। पेयजल किल्लत से निपटने के लिए जल संस्थान की ओर से चार टैंकर लगाए गए हैं। लेकिन, इन टैंकरों का लाभ केवल सड़क किनारे रहने वाले लोगों को ही मिलता है। रविवार को चौरासी क्षेत्र से पानी नहीं मिलने की एक शिकायत जल संस्थान के कंट्रोल में रूम में दर्ज की गई।