मुख्यमंत्री आदर्श गांव बड़ी पन्याली की पहली खुली बैठक संपन्न हो गई। बैठक में विकास की योजनाएं प्रस्तावित की गईं। ब्लाक प्रमुख मनोहर राम ने ग्रामीणों से विकास के प्रति सजग रहने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास खंड में अन्य गांवों को आदर्श गांव बनाने की दरकार है।
मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम पंचायत बड़ी पन्याली के प्रधान राजेंद्र सिंह कोरंगा की अध्यक्षता में हुई खुली बैठक में ब्लाक प्रमुख मनोहर राम ने विकास कार्यों की योजना बनाते समय दूरदर्शिता का ख्याल रखने को कहा। खंड विकास अधिकारी बीसी पंत ने कहा कि बैठक में पारित प्रस्तावों पर विभागीय अधिकारी ब्लाक स्तर पर आयोजित बैठक में कार्य योजना तैयार करेंगे।
कार्य योजना के अनुसार विकास कार्य एक अप्रैल से शुरू होंगे। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कहा कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ही कार्य किया जाएगा। बैठक का संचालन सहायक खंड विकास अधिकारी ने किया। वहां पशु पालन, कृषि, मत्स्य, ग्राम्या, सिंचाई, लघु सिंचाई, डेयरी विकास, उद्यान, स्वास्थ्य, पेयजल संस्थान, बाल विकास परियोजना, ग्राम विकास अधिकारी आदि मौजूद थे।