उत्तराखंड टी बोर्ड के उपाध्यक्ष कुबेर सिंह कठैत ने कहा कौसानी में टी बोर्ड का निदेशालय और अल्मोड़ा में उप निदेशालय जल्द खोला जाएगा। कहा हॉर्टिकल्चर और कृषि विभाग के वर्षों से बंजर पड़े 25 फार्मों को टी बोर्ड ने लेने की तैयारी कर ली है। बोर्ड उनमें चाय की खेती करेगा।
कौसानी, चौकुड़ी हरनगरी, बेड़ीनाग के चाय बागानों और फैक्ट्रियों का निरीक्षण करने के बाद गरुड़ में ब्लाक प्रमुख भरत फर्स्वाण के कार्यालय में टी बोर्ड के उपाध्यक्ष कठैत ने कहा उत्तराखंड में चाय की खेती को और विकसित किया जाएगा। इससे पलायन रुकने में मदद मिलेगी।
कहा वर्तमान में राज्य में 1600 हेक्टेयर भूमि पर चाय की खेती हो रही है। फैक्ट्री के मालिक की देनदारी चुकता करने के बाद बंद पड़ी फैक्ट्री के कर्मचारियों को बोर्ड में तैनात किया जाएगा। बोर्ड के उपाध्यक्ष ने चाय बोर्ड के उच्चाधिकारियों से चाय बागान में मृत पेड़ों की जगह नए पौध उगाने के निर्देश दिए है।
ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण ने कहा कौसानी में शिल्प इंपोरियम भवन में चाय निदेशालय खोलने के लिए क्षेत्र समिति ने प्रस्ताव पारित कर दिया है। वहां कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष दिगंबर नाथ गोस्वामी, बीसूका उपाध्यक्ष भुवन पाठक आदि मौजूद थे।