धरमघर में सड़क की बदहाली के लिए प्रदर्शन करते युवा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
धरमघर (बागेश्वर)। ग्रामसभा कराला महर के युवा मजखेत-कराला मोटर मार्ग की बदहाली से आक्रोशित हैं। युवाओं ने बृहस्पतिवार को सड़क सुधारीकरण के लिए प्रदर्शन किया। उन्होंने रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
युवाओं ने बताया कि इस मोटर मार्ग के लिए गांव के बुजर्गों ने 18 दिन तक आमरण अनशन किया था, लेकिन वर्तमान में रोड इतनी बदहाल हो चुकी है कि इस पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। मोटर मार्ग पर जगह-जगह गड्डे बने हैं। लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई सड़क बदहाली की मार झेेल रही है। ग्रामीणों को इस रोड से कोई लाभ नहीं मिल रहा है। रोड होने के बावजूद भी लोग पैदल चलने को मजबूर हैं। लंबे समय से उक्त मोटर मार्ग की स्थिति को सुधारा नहीं जा रहा है। रोड की खराब स्थिति को लेकर युवा वर्ग आक्रोशित है। युवाओं ने शीघ्र इस रोड की हालत न सुधारने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में भुवन चंद्र पाठक, संजय पाठक, मनोज पाठक, सुरेश पाठक, अशोक पाठक, रोहित पाठक, देव सिंह, पप्पु लाल वर्मा आदि शामिल थे। (संवाद)