12grd01p गरुड़ में जुलूस निकलते
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। बाघ से बचाओ संघर्ष समिति ने एक साल पहले 14 लोगों के खिलाफ दर्ज किए मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर रविवार को गरुड़ में जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल समिति के लोगों ने पुलिस और शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
गोलू मंदिर से निकला जुलूस गांधी चबूतरे में पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि आमदखोर तेंदुए को मारने की मांग को लेकर एक साल पहले लोगों ने बैजनाथ तिराहे पर चक्काजाम किया था। स्थानीय पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। उन्होंने कहा कि लोग लंबे समय से तेंदुए को पकड़ने की मांग करते आ रहे थे लेकिन वन विभाग के अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी। तेंदुए के आतंक को देखते हुए स्थानीय लोगों ने एक साल पहले चक्काजाम किया था। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन दमनकारी नीति अपना रहा है।
जाम लगाने वाले 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना न्याय संगत नहीं है। उन्होंने 14 लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की। मुकदमा वापस नहीं लेने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर भुवन पाठक, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार आर्या, प्रकाश कोहली, बसंती देवी, रंजीत रावत, पदम राम, भीम आदि ने विचार रखे।