बागेश्वर। उत्तरायणी मेले शुरू होने में अब केवल तीन दिन बचे हैं। पालिका प्रशासन मेले की तैयारियों में जुटा हुआ है। मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए नाव तैयार हो चुकी हैं। रविवार से सरयू नदी में नौकायन शुरू हो जाएगी। दुकानों का आवंटन कार्य चल रहा है। पालिकाध्यक्ष ने मेलास्थल और स्टालों का निरीक्षण किया।
नगर पालिका ने उत्तरायणी मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके लिए नौकायन मंगाई गई है। शनिवार को नौकायन में पुताई का काम किया गया। पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने नौकायन का ट्रायल किया। यह ट्रायल सफल रहा। बता दें कि नावें गाजियाबाद के गढ़मुक्तेश्वर से नाव मंगाई गई है। यह 25 जनवरी तक संचालित की जाएगी। इसके अलावा एक नाव और मंगाने की योजना है। तैयारियों को लेकर पालिकाध्यक्ष ने सरकारी और गैर सरकारी स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान नुमाइशखेत मैदान, सरयू बगड़, भोटियापड़ाव क्षेत्र और सरयू पुल के अलावा बागनाथ परिसर में तैयारियों की जानकारी ली गई। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी, सिचाई विभाग, ग्राम निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) ने पुलों का निरीक्षण किया। इस दौरान भीड़ बढ़ने पर पुल की मजबूती, और बैरिकेडिंग आदि देखा गया। लाइटिंग वाले क्षेत्रों में बिजली से होने वाले हादसों से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था देखी गई। नगर में रंगाई-पुताई का काम पूरा हो चुका है। सजावट के लिए चमकीली पन्नी के झालर लगाए गए हैं। मेले के लिए दुकान आवंटन किया जा रहा है। संवाद
पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था देखी
बागेश्वर। कोतवाल डीआर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जायजिा लिया गया। साथ पुलिस ड्यूटी स्थल का भी निरीक्षण किया, ताकि मेले के दौरान मेला क्षेत्र में निगरानी रखी जा सके। इस दौरान दुकानदारों और फेरी व्यवसायियों का सत्यापन कराया गया। संवाद
सरयू बगड़ में शिव-पार्वती का सुंदर चित्रण
बागेश्वर। जिले के प्रताप मेहता सरयू नदी के बीच स्थित विशालकाय पत्थर पर सुंदर चित्रण कर लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। चित्रकार पिछले एक सप्ताह से वे चित्रण कार्य कर रहे हैं। पत्थर के एक हिस्से में भगवान शिव का सुंदर चित्र बनाया गया है। जिसके साथ सेल्फी खींचकर लोग सोशल मीडिया में भेज रहे हैं। इसके अलावा दूसरे हिस्से में शिव-पार्वती का चित्र बनाया गया है। संवाद
कपकोट के उत्तरायणी मेले में निकलेगी भव्य झांकी
कपकोट। उत्तरायणी मेले का आयोजन 15 जनवरी से शुरू होगा। जिसे लेकर कपकोट नगर में तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। उद्घाटन अवसर पर सुंदर झांकी निकलेगी। सुबह दस बजे से केदारेश्वर मैदान से सांस्कृतिक मंच भराड़ी तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। शाम चार बजे मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मां बाराही मंदिर में पहुंचेंगे। इसके बाद मां बाराही मंदिर सांस्कृतिक मंच भराड़ी में उद्घाटन कार्यक्रम होगा। शाम चार बजकर बीस मिनट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। केदारेश्वर मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जायेंगी। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, अति विशिष्ट अतिथि पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी मौजूद रहेंगे। संवाद
मां बाराही मंदिर भराड़ी के कार्यक्रम
15 जनवरी- रात्रि जागरण का आयोजन,रूहान भारद्वाज, करिश्मा शाह, बबलू कपकोटी और ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति रात आठ बजे से
16 जनवरी- किशन महिपाल, मीना राणा, कुंदन कोरंगा ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम रात आठ बजे से, रूहान भारद्वाज, करिश्मा शाह, बबलू कपकोटी और ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम रात दस बजे से
17 जनवरी- अक्षय कुमार खटीमा, पार्वती आर्या, रवि राज, बसंती बिष्ट एंव ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति रात आठ बजे से, गोविंद दिगारी, खुशी दिगारी एंव ग्रुप की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति रात आठ बजे से
केदारेश्वर मैदान के कार्यक्रम
15 जनवरी- व्यापार मंडल कपकोट की ओर से माघी खिचड़ी का आयोजन
16 जनवरी- संस्कृति विभाग देहरादून और सूचना विभाग बागेश्वर के कलाकार की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति सुबह दस बजे से, खेलकूद कार्यक्रम- क्रीड़ा एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रस्साकस्सी, दौड़, कुर्सी दौड़, सुई धागा दौड़ और अन्य खेलकूद कार्यक्रम, निशुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर
17 जनवरी- संस्कृति विभाग देहरादून और सूचना विभाग बागेश्वर से आये कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्थानीय स्कूलों के बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण