बागेश्वर के सीईओ कार्यालय में प्रदर्शन करते सूपी के ग्रामीण। संवाद
बागेश्वर। अटल उत्कृष्ट विद्यालय राइंका सूपी में प्रवक्ताओं और एलटी शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है। कई बार विभाग को समस्या बताने पर भी निदान नहीं हुआ तो अभिभावकों के सब्र का बांध टूट गया। अभिभावकों ने सीईओ कार्यालय में आकर प्रदर्शन किया और जल्द रिक्त पद नहीं भरे जाने पर विद्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को पीटीए अध्यक्ष यशपाल सिंह टाकुली के नेतृत्व में अभिभावकों ने सीईओ कार्यालय में नारेबाजी की और ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में प्रवक्ताओं के स्वीकृत नौ पदों के सापेक्ष एक भी स्थायी प्रवक्ता नहीं है। एलटी संवर्ग में शिक्षकों के आठ पद सृजित हैं, जिनमें चार खाली हैं। पूर्व में अतिथि शिक्षक रमेश चंद्र जोशी एलटी गणित के अलावा इंटर में भौतिक विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान पढ़ाते थे। उनके पद पर स्थायी शिक्षक के आ जाने से अन्य विषयों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई हैै। अभिभावकों ने एक सप्ताह के भीतर रिक्त पदों के सापेक्ष प्रवक्ता और शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की। वहां पर ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह टाकुली, क्षेपं सदस्य चरण सिंह टाकुली, जगत सिंह टाकुली, हर सिंह टाकुली, नवीन चंद्र सिंह टाकुली, रघुवीर सिंह टाकुली आदि मौजूद रहे।