पुंगरघाटी क्षेत्र के दोफाड़ में एक अदद भी बैंक की शाखा न होने से क्षेत्र के लोगों को कई परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। बेरोजगार अपना कारोबार खड़ा नहीं कर पा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश शासन से बैंक की शाखा शीघ्र खोलने की मांग की है।
मालूम हो कि पुंगरघाटी के तीन दर्जन से भी अधिक गांवों की आबादी वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 30 हजार से भी अधिक हैं। क्षेत्र में स्कूल, कालेज, सरकारी और गैर सरकारी स्कूल हैं। छोटी बड़ी कई दुकानों के अलावा खड़िया की खानें भी हैं। क्षेत्र में साल भर में पांच करोड़ से भी अधिक का कारोबार होता है।
बैंक की कोई शाखा न होने से लोगों को बैंक के कामों के लिए यहां से 10 से 30 किमी दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ रहा है। इसमें उनका काफी समय और धन बर्बाद हो रहा है। बैंक की सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाने से बेरोजगार अपना कारोबार खड़ा नहीं कर पा रहे हैं। पुंगरघाटी विकास मंच के अध्यक्ष एडवोकेट राजेश रौतेला, प्रवक्ता हरीश कालाकोटी और पूर्व प्रधान प्रताप सिंह रौतेला आदि ने शासन से जनहित में शीघ्र बैंक की शाखा खोलने की मांग की है। क्षेत्रीय विधायक बलवंत भौर्याल का कहना है कि दोफाड़ में जिला सहकारी बैंक की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। स्वीकृति मिलने पर ही शाखा की स्थापना होगी।