कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट में चिरपतकोट के जंगल में लावारिस छोड़े गए चार गोवंशीय जानवरों की मौत हो गई है। पालतू जानवरों को लावारिस छोड़ने पर लोगों में गुस्सा है। पशु प्रेमियों ने नगर पंचायत से पालतू जानवरों को लावारिस छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
चिरपतकोट के जंगल की घाटी में करीब 25 गोवंशीय पालतू जानवरों को छोड़ दिया गया है। इनमें से चार जानवरों की ठंड और भूख से मौत हो गई। पशु प्रेमी हरीश सिंह बिष्ट को जब इस घटना की सूचना मिली तो वह साथी महिमन बिष्ट, गोविंद कपकोटी, नरेंद्र गढ़िया, गिरीश जोशी, अशोक धामी, संदीप बिष्ट को लेकर जानवरों को लाने गए। प्रशासन को सूचित करने पर फायर इंचार्ज शत्रुघ्न के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके उपरांत जानवरों को घाटी से बाहर लाया गया। पशु प्रेमियों ने पालतू जानवरों को नगर पंचायत और जंगलों में लावारिस छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।