संवाद बागेश्वर। जनवरी से संभावित कोरोना टीकाकरण के लिए 2724 फ्रंटलाइन हेल्थ केयर वर्कर का डाटा तैयार कर लिया गया है। टीकाकरण की शुरुआत फ्रंट लाइनर स्वास्थ्य कर्मियों से होगी।
इसके लिए एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने टीकाकरण के लिए सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैैं। उन्होंने कहा कि तय प्रक्रिया के अनुरूप ही टीकाकरण हो। उन्होंने वैक्सीन के लिए बनाए गए बूथों में बिजली, पानी, शौचालय, इंटरनेट आदि की सुविधाएं पुख्ता करने को कहा। बताया कि सरकार के निर्देशों के अनुसार प्रथम चरण में फ्रंटलाइन पर कार्यरत स्वास्थ्य एवं सफाई कर्मचारियों को वैक्सीन लगनी है।
दूसरे चरण में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और बीमार लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएमओ डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि टीकाकरण के लिए अनुमानित फ्रंटलाइन हेल्थ केयर वर्कर में 2724 का डाटा तैयार किया गया है। टीकाकरण के लिए 35 बूथ चिह्नित किए गए हैं। इनमें सीएचसी, पीएचसी जैसे अस्पतालों को शामिल किया गया है। टीकाकरण साइट का माइक्रोप्लान बनाया गया है। टीकाकरण की सफलता के लिए सभी डॉक्टरों को पर्यवेक्षक बनाया गया है। बैठक में डीडीओ केएन तिवारी, सीओ महेश जोशी, ईओ नगरपालिका राजदेव जायसी, जिला पंचायत राज अधिकारी रामपाल सिंह आदि थे।