रवाईखाल क्षेत्र के मालूझाला गांव में गोशाला में मवेशियों को बचाने के प्रयास में करंट लगने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एक सप्ताह के भीतर करंट से मौत की यह दूसरी घटना है। मिली जानकारी के अनुसार मालूझाला गांव निवासी 42 वर्षीय नारायण सिंह की गोशाला में बिजली का तार टूटने से करंट फैल गया था।
बुधवार की सुबह मवेशियों को खोलने के लिए जब वह गोशाला में गए तो तार छूने से बकरी को करंट लग गया। बकरी को बचाने के प्रयास में नारायण सिंह तार से चिपक गए। बाद में परिजन बेेहोशी की हालत में उन्हें जिला अस्पताल लाए जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम किया और शव परिजनों को सौंप दिया। नारायण सिंह के परिवार की हालत दयनीय है। परिवार के मुखिया की आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। इधर जिले में एक सप्ताह के भीतर करंट लगने से मौत का यह दूसरा मामला है। चार दिन पूर्व बागेश्वर नगर के घटबगढ़ वार्ड में घरेलू बिजली की लाइन से सरिए में उतरे करंट की चपेट में आने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई थी।