बागेश्वर। बागेश्वर में मंगलवार को दिनभर हुई बारिश के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। कपकोट औरकांडा क्षेत्र में सोमवार रात भी तेज बारिश हुई। बागेश्वर जिला मुख्यालय के साथ ही कपकोट, कांडा समेत तमाम इलाकों में सुबह से ही बारिश शुरू हो गई थी। बारिश के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बारिश के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात कपकोट में 20 एमएम बारिश हुई। वहीं बागेश्वर और गरुड़ में सोमवार रात बारिश नहीं हुई।
बारिश के कारण सरयू और गोमती नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। मंगलवार को सरयू का जलस्तर 865.90 मीटर, गोमती का जलस्तर 862.30 मीटर था। दोनों नदियों का चेतावनी लेबल 869.00 मीटर, खतरनाक लेबल 870.70 मीटर है।
बागेश्वर जिले की सात सड़कों पर मलबा पसरा है। सड़कों के बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तोली, धरमघर-मजखेत, शामा-लीती-गगोगिना, कपकोट-गैरखेत, ओखलीधार-पापो, शामा-तोली और कपकोट-शामा सड़क को खेलने का काम चल रहा है। कई सड़कों में भारी मात्रा में मलबा गिरा है। बताया कि जिंतोली-सालखन्यारी सड़क पर दो स्थानों में मलबा आया था, जिसे साफ कर दिया गया है।