गरुड़(बागेश्वर)। विकासखंड गरुड़ के अटल उत्कृष्ट पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला में लंबे समय से झूल रहे बिजली के हाईवोल्टेज तार छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं।
शनिवार काे मानसून की मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के दौरान यह स्थिति और अधिक जानलेवा हो जाती है। स्थानीय जनता का कहना है कि विद्यालय प्रशासन द्वारा कई बार लिखित रूप से ऊर्जा विभाग को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बीडीसी सदस्य प्रमोद जोशी ने आक्रोश जताते हुए कहा कि नौनिहालों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने विभाग को दोटूक चेतावनी दी है कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर इन झूलते तारों को कसकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया, तो वे ग्रामीणों के साथ विद्यालय परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे। संवाद