डीएम भूपाल सिंह मनराल ने यहां कलक्ट्रेट सभागार में पुलिस, राजस्व पुलिस के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को स्कूलों का समय पर निरीक्षण करके अनुशासन कायम रखने के निर्देश दिए। मनोरंजन कर की चोरी, पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी पर नजर रखने भी निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि एसडीएम को स्कूलों में अनुशासन कायम रखने के लिए औचक निरीक्षण करना चाहिए। एसडीएम, तहसीलदार क्षेत्र का भ्रमण कर सड़क, पानी, शिक्षा, खनन, वाहनों में ओवरलोडिग जैसे मामलों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि रेगुलर पुलिस नियमित गश्त करे।
खासकर महिलाओं, बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों पर रोक लगानी चाहिए। डीएम ने मनोरंजन कर अधिकारी को निर्देश दिए कि वह मनोरंजन कर चोरी करने वालों पर कार्रवाई करें। कर जमा न करने वाले होटल संचालकों को नोटिस भेजें। जिला पूर्ति अधिकारी पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी रोकें।
दूरस्थ इलाकाें में समय पर खाद्यान्न पहुंचाया जाए। वितरण की प्रक्रिया पर पूरी नजर रखें। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्ज की वसूली में शिथिलता बरतने वाले अमीनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीओ धनी राम, कांडा की एसडीएम रेखा कोहली, कपकोट के एसडीएम केएस टोलिया, गरुड़ के एसडीएम चंदन सिंह डोबाल, वरिष्ठ कोषाधिकारी भाष्करानंद पांडेय, तहसीलदार पदम सिंह मेहरा, मोहन राम, महेंद्र सिंह, कृष्ण राम आर्य, खुशबू आर्या आदि थे।