कांडा (बागेश्वर)। रामलीला मैदान कांडा पड़ाव में तीन दिनी कांडा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। शुक्रवार रात स्टार नाइट में लोक कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। लोकगायक प्रह्लाद सिंह मेहरा एंड पार्टी ने गीत सुनाकर लोगों का मनोरंजन किया तो वहीं हास्य कलाकार पवन पहाड़ी से अपने अंदाज में लोगों को खूब गुदगुदाया। दर्शकों ने कार्यक्रमों का देर रात तक आनंद लिया।
स्टार नाइट में लोकगायकों ने ऐसा जादू बिखेरा कि दर्शक दीर्घा में बैठे दर्शक गीतों की धुन पर झूमने लगे। लोक गायक प्रहलाद मेहरा जैसे ही मंच आए तो उत्साहित दर्शकों ने तालियां और सीटियां बजाकर उनका स्वागत किया। लोकगायक प्रह्लाद ने ‘ओ हिमा जाग कां छू त्यर जलेबी को डाब इकुली किले खै छै हाल दे मेरा खाब ओ हिमा जाग..’, ‘हो लाल चुन्नी कुर्ती य तेरी काली त्वे देखी सीटी ताली बजौंछी पूरी थल की बाजारा..’, शेखर तिवारी ने ‘भगवती वंदना, ओ धना धनूली धना...’ गीतोें की शानदार प्रस्तुति दी। हास्य कलाकार पवन पहाड़ी ने भी रोचक अंदाज में दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
कई शहरों से आमंत्रित कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांध दिया। दर्शक देर रात तक कार्यक्रम देखने के लिए डटे रहे। इस मौके पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष प्रकाश नगरकोटी, अधिवक्ता गोविंद सिंह भंडारी, आनंद सिंह धपोला, दलीप सिंह खेतवाल, इंद्र सिंह परिहार, शेर सिंह धपोला, प्रताप सिंह गढ़िया, गुंसाई सिंह धपोला, वीरेंद्र नगरकोटी, सुंदर सिंह गढ़िया, जितेंद्र वर्मा, आलम सिंह मेहरा, नैन सिंह धपोला, त्रिभुवन डोबियाल, कमलेश उपाध्याय, जीवन चंद्र पंत, दीपक कांडपाल, भगवान भंडारी, जगदीश वर्मा आदि थे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने किया महोत्सव का शुभारंभ
कांडा(बागेश्वर)। कांडा महोत्सव के दूसरे दिन के कार्यक्रमों का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार ने किया। आयोजकों ने उनका स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भी सौंपा। वहां सीनियर और जूनियर वर्ग में मेहंदी प्रतियोगिता हुई। इसमें काजल मेहरा, प्रियंका आर्या प्रथम, गरिमा साह, शिवानी पिल्ख्वाल द्वितीय, शैली नगरकहोटी, वैशाली तृतीय रही। सुलेख जूनियर, सीनियर में मयंक उपाध्याय, गुंजन पांडे प्रथम, भावेश वर्मा, अंजलि आर्या द्वितीय, योगिता चंदोला, हेमा चंदोला तृतीय रही। ब्यूरो
स्टालों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
कांडा(बागेश्वर)। महोत्सव में सजी दुकानों में खरीदारी को लोगों की भीड़ उमड़ रही है। मेले में लगे स्टालों में से लोग ऊनी शाल, सिंदूर समेत अन्य वस्तुओं की खरीदारी कर रहे हैं। इस कारण स्टालों में दिन भर भीड़ लगी रही।
कुमाऊंनी झोड़े की भी धूम मची
कांडा(बागेश्वर)। कांडा महोत्सव में कुमाऊंनी झोड़ा गायन किया गया। झोड़ा सुनने के लिए कई गांवों से आए लोगों की भीड़ लगी रही। हुड़के की थाप पर कुमाऊंनी झोड़े की शानदार प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया।
हास्य कलाकार पवन पहाड़ी।- फोटो : BAGESHWAR
कांडा महोत्सव बागेश्वर में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम।- फोटो : BAGESHWAR