बागेश्वर। जिले के सुंदरढूंगा ग्लेशियर के देवीकुंड में 15000 फुट की ऊंचाई पर मां नंदा की अष्टधातु की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इस मंदिर को विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थापित होने वाला मां नंदा का मंदिर बताया जा रहा है।
कपकोट के चिल्ठा मंदिर में वास करने वाले बाल योगी स्वामी चैतन्य आकाश ने सुंदरढूंगा घाटी के देवी कुंड में अष्टधातु की मूर्ति स्थापित करने की योजना बनाई है। स्वामी चैतन्य आकाश ने बताया कि मूर्ति आगामी वैशाख पूर्णिमा (23 मई) को स्थापित की जाएगी। इसके लिए पांच दिन पहले चिल्ठा से यात्रा शुरू की जाएगी। स्वामी जी ने बताया कि मां नंदा का यह मंदिर विश्व का सबसे ऊंचाई वाला मंदिर होगा।
मूर्ति स्थापना की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है। मूर्ति निर्माण के लिए आर्डर दे दिया गया है। मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, हवन के बीच मूर्ति की स्थापना की जाएगी। श्रद्धालुओं में मूर्ति स्थापना को लेकर उत्साह बना हुआ है। मंदिर स्थापित करने में क्षेत्र के लोगों के साथ ही बाल योगी स्वामी चैतन्य आकाश जी के अनुयायी सहयोग करेंगे। इन दिनों हर तरफ हिमालयी क्षेत्र में स्थापित होने वाले मां नंदा के मंदिर को लेकर व्यापक चर्चा है।