गरुड़ (बागेश्वर)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गैरलेख स्थित लिंग स्वामी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने दूध, दही, घी और मक्खन अर्पित कर पूजा अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और पशुओं की कुशलता की कामना की। मान्यता है कि दूध-दही चढ़ाने से पशुओं में ऊर्जा का संचार होता है।
विज्ञापन
देवनाई घाटी के मच्छेश्वर महादेव मंदिर में अखंड रामायण पाठ हुआ। ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा ने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। समिति अध्यक्ष मदन कांडपाल ने बताया कि यहां प्रतिवर्ष सुंदरकांड भी होता है। इस दौरान बीडीसी सदस्य गोविंद डसीला, मोहन राणा, मोहन सिंह बिष्ट, हरीश बरोलिया, योगेश सती, भुवन गिरी आदि मौजूद रहे। संवाद