बागेश्वर। उत्तरायणी कौतिक की समाप्ति पर भी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। व्यवसाय के लिए स्थानीय व्यापारियों समेत बाहरी व्यापारियों ने दुकानें लगाई हैं। मेले का शुभारंभ 14 जनवरी से हुआ था और औपचारिक समापन 21 जनवरी को हो गया था। शनिवार को सरयू बगड़, भोटिया बाजार, नुमाइशखेत मैदान में मेले के 12 दिन बाद भी खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोगों ने भोटिया बाजार में गर्म कपड़े खरीदे।
सरयू बगड़ सहित नगर के अन्य स्थानों पर लगी बाजारों में रौनक है। मेले के 12वें दिन भी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। इससे बाहरी व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक है। सरयू-गोमती बगड़ के अलावा सरयू घाट, नुमाइशखेत रोड, कांडा रोड, भोटिया पड़ाव आदि स्थानों में बाहरी व्यापारियों ने अपनी दुकानें लगा रखी हैं। मेलार्थी राम सिंह, कमल सिंह, पंकज सिंह, लता, रमा, कंचन आदि ने बताया कि उत्तरायणी मेले से लोग साल भर के लिए सामान खरीदने की कोशिश करते हैं। आखिरी दिनों में सामान सस्ता होने के चलते अधिक लोग खरीदारी को आते हैं। लोगों ने लोहे के बने कढ़ाही, बाल्टी, भगौने आदि जमकर खरीदे। वहीं प्लास्टिक के बने टब, बाल्टियां भी अधिक मात्रा में बिक रही हैं। भोटिया बाजार से दन, थुलमा, पंखी, कंबल के अलावा जंबू, गंधरैणी, हींग, काला नमक सहित कई औषधीय गुणों वाले मसाले भी खब बिक रहे हैं। वहीं धारचूला, मुनस्यारी की राजमा की भी काफी मांग रही। लोगों ने गर्म ऊनी उत्पादों की भी खरीदारी की।
सरयू बगड़ से बाहरी व्यापारी न हटाने का विरोध
बागेश्वर। मेला समापन के बाद भी बाहरी व्यापारियों का सरयू बगड़ खाली न करने पर व्यापार मंडल ने विरोध जताया। उन्होंने डीएम रंजना राजगुरु को ज्ञापन सौंपकर सरयू बगड़ से दुकानें खाली कराने की मांग की। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश सोनी ने बताया कि उत्तरायणी मेला 21 जनवरी को पूरा हो गया है। इसके बाद भी बाहर से आए व्यापारी सरयू बगड़, भोटिया बाजार में व्यापार कर रहे हैं। इससे नगर के फड़ खोखे वाले व्यवसायियों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि शनिवार शाम तक उचित कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापारी गणतंत्र दिवस पर जिला कार्यालय में धरना, प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर बलवंत सिंह नेगी, नवीन लाल साह, गौरव कठायत, उमेश चंद्र साह, हरीश लाल साह, देवा अधिकारी, गोविंद जगाती, बाबा साह, धीरेंद्र मेहरा, विशन सोनी, अनिल कार्की आदि रहे। संवाद