बृस्पतिवार की रात हुई भीषण बारिश से शामा ग्राम पंचायत में घर के पीछे की दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति घायल हो गया है।
मलबे से मृतका का शव कड़ी मशक्कत से दो घंटे बाद निकाला जा सका। पुलिस ने जिला मुख्यालय पर मृतका का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। मृतका के पति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार की रात करीब 9.05 बजे भारी बारिश से ग्राम पंचायत शामा के भैंसखाल तोक निवासी दीवान सिंह (38) के घर के पीछे पहाड़ी से पानी के साथ ही मलबा आ गया।
दीवान सिंह अपनी पत्नी पुष्पा देवी (32) को साथ लेकर मलबा साफ कर रहे थे कि अचानक घर की दीवार उनके ऊपर गिर गई। इस घटना में पुष्पा देवी की मलबे में दबकर मौत हो गई जबकि दीवान सिंह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों के भारी मशक्कत के बाद मृतका का शव मलबे से बाहर निकाला।
डा. एनएस टोलिया और डा. बीएस बृजवाल ने घायल का मौके पर प्राथमिक उपचार करके उसे कपकोट के अस्पताल भेजा। इधर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. एनएस टोलिया, डा. सीएस भट्ट और डा. राजीव रंजन ने घायल का सघन उपचार किया।
डा.टोलिया ने बताया कि पीड़ित के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। मृतका निर्धन परिवार की थी। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों, पति और सास को रोता बिलखता छोड़ गई हैं। मृतका का पति बेरोजगार है।
इधर एसडीएम टोलिया ने बताया कि मृतका के निधन पर उसके पति को आपदा प्रबंधन मद से मुआवजा दिलाने के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा जा रहा है। डाक्टरी रिपोर्ट मिलने पर मृतका के पति को भी नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।