छात्रवृत्ति खाता खोलने को लेकर ग्राम प्रधान और एसबीआई की कांडा शाखा के प्रबंधक के बीच हुई कहा सुनी का मामला तूल पकड़ गया है। प्रधानों ने प्रबंधक के खिलाफ राजस्व पुलिस को तहरीर दी है।
कांडा में एसबीआई शाखा के प्रबंधक राकेश शर्मा और ग्राम प्रधानों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। प्रधानों के अनुसार अनुसूचित जाति के बच्चों के खाते समय पर नहीं खोले जा रहे थे।
इसी बात को लेकर प्रधानों ने संयुक्त रूप से बैंक के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। उन्होंने राजस्व पुलिस उपनिरीक्षक बजीना क्षेत्र में प्रबंधक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्राम प्रधान गोपाल सिंह, नवीन जोशी, हरीश कांडपाल, सुरेश जोशी, राजेंद्र भंडारी, शांति देवी, नरेंद्र सिंह, सुरेश जोशी, सविता नगरकोटी, नीमा धपोला, रमेश राम आदि ने इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। प्रबंधक शर्मा ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि बैंक में स्टाफ कम होने के कारण कार्यों को निपटाने में देरी होती है।