गरुड़ (बागेश्वर)। थाना क्षेत्र बैजनाथ की एक विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के फौजी पति और जेठानी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया।
बैजनाथ थाना क्षेत्र के ग्राम मवई निवासी आईटीबीपी के जवान भुवन परिहार की पत्नी रेनू परिहार ने 22 अगस्त की रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
चनौदा निवासी रेनू की बहन बबीता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने मृतका के पति, ससुर, जेठ, जेठानी के खिलाफ आईपीसी की धारा 304बी, 498 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। शनिवार को थानाध्यक्ष केएस रावत, चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह पंचपाल दल, बल के साथ विवाहिता के घर पहुंचे। पुलिस ने विवाहिता के पति भुवन सिंह, जेठानी इंदु को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट बैजनाथ के सामने पेश करने के बाद अल्मोड़ा जेल भेज दिया।
सिविल जज जूनियर डिवीजन के न्यायालय में पेश करने के बाद अल्मोड़ा जेल भेज दिया। मृतका के ससुर गोपाल सिंह का कहना है कि बहू की बहन ने हमारे परिवार के सदस्यों को आत्महत्या के मामले में झूठा फंसाया है। जिस दिन बहू ने आत्महत्या की थी, उस दिन भुवन लुधियाना पंजाब में ड्यूटी पर तैनात था।
उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने को कहा है। वहीं मृतका के मायके वालों का कहना है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने रेनू की हत्या करने के बाद उसे पंखे पर लटका दिया। थानाध्यक्ष बैजनाथ रावत का कहना है कि मामले की जांच सीओ उत्तम सिंह बिष्ट कर रहे हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।