पटवारी क्षेत्र बैदीबगड़ के अंतर्गत ग्राम सिया निवासी नवीन कुमार हत्याकांड की जांच अब झिरौली पुलिस करेगी। जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक ने यह मामला झिरौली पुलिस को हस्तांतरित कर दिया है। इस मामले में राजस्व पुलिस मुख्य आरोपी उमेद राम को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
बैदीबगड़ के ग्राम सिया निवासी नवीन कुमार पुत्र दीवान राम की सात दिसंबर को धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। राजस्व पुलिस ने घटना के 21 दिन बाद 27 दिसंबर को इस मामले में मुख्य आरोपी ग्राम सैंज निवासी उमेद राम को गिरफ्तार किया था। आरोपी उमेद राम अभी जेल में बंद है। इधर मृतक नवीन के परिजनों ने मामले की जांच रेगुलर पुलिस से कराए जाने की मांग की थी।
सोमवार को भी मृतक नवीन की पत्नी निशा देवी व भाई कुंदन राम ने भी एसडीएम से मुलाकात कर मामला पुलिस को हस्तांतरित करने की मांग की। बताया कि राजस्व पुलिस की ढिलाई का लाभ उठाते हुए आरोपी उमेद राम का परिवार उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। नवीन के परिजनों की मांग को देखते हुए जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने नवीन हत्याकांड की जांच रेगुलर पुलिस को सौंपने के आदेश जारी कर दिए हैं।
परिवार की मांग को देखते हुए केस रेग्यूलर पुलिस को हस्तांतरित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। नवीन हत्याकांड की जांच अब झिरौली पुलिस करेगी। थानाध्यक्ष झिरौली मामले की जांच करेंगे। - राकेश तिवारी, एसडीएम बागेश्वर