बागेश्वर कोतवाली में पुलिस टीम और पकड़ी गई शराब।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने देर रात गोमती पुल से वाहन चालक को अंग्रेजी शराब की 172 पेटी के साथ गिरफ्तार किया है। शराब बिलौना के एफएल-टू से काफलीगैर दुकान में जानी थी, लेकिन चालक ने रूट बदल दिया था। आशंका है कि शराब को गांवों में खपाने की योजना थी।
बृहस्पतिवार को कोतवाली में कोतवाल तिलकराम वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस बृहस्पतिवार देर रात गोमती पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इस बीच एक आयशर कैंटर आता दिखाई दिया। जब वाहन की चेकिंग की तो उसमें 172 पेटी अंग्रेजी शराब की थी। शराब की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई थी।
इस पर पुलिस ने वाहन चालक जीवन चंद्र धौनी निवासी बिलौना को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसपी लोकेश्वर सिंह ने पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। टीम में एसआई सुरभि राणा, कांस्टेबल अशोक पवार, प्रकाश टम्टा, विजय सिंह, नरेंद्र गोस्वामी शामिल थे।
शराब गांवों में खपाने की योजना थी
पड़ताल में सामने आया कि ये शराब बिलौना के एफएल-टू से निकली और काफलीगैर दुकान जानी थी। बावजूद इसके चालक शराब को गोमती पुल की तरफ लेकर जा रहा था। शराब को एफएल टू से गलत रूट पर ले जाने के पर पुलिस ने सीज कर दिया। आशंका है कि दुकान के नाम पर निकली इस गांव को गांवों में खपाने की तैयारी थी लेकिन पुलिस ने दबोच लिया।
शराब के एफएल-2 से निकलने के सभी दस्तावेज थे। सामने आया है कि चालक तेल डलवाने जा रहा था। अब मामला कोर्ट पहुंच गया है, अब वहीं से रिलीज होगी। - गोविंद सिंह मेहता, आबकारी निरीक्षक बागेश्वर
बड़ा सवाल : बिलौना के पंप से क्यों नहीं भरवाया पेट्रोल
बिलौना में भी पेट्रोल पंप है, वहां से क्यों नहीं डलवाया गया। शाम को निकली थी, पुलिस ने रात को गोमती पुल से पकड़ा है। नियमों का पालन नहीं होने पर सीज की कार्रवाई हुई है।