मैदानी जिलों की सिटी पेट्रोल यूनिट की तर्ज पर जल्द ही बागेश्वर में हिल पेट्रोल यूनिट दौड़ती दिखाई देगी। यह जानकारी नए पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने दी। उन्होंने कहा कि अपराध काबू करने के लिए सोशल पुलिसिंग पर भी जोर रहेगा।
बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई वार्ता में सिंह ने बताया कि पर्वतीय जिलों में भी बढ़ रही धोखाधड़ी, साइबर क्राइम की घटनाओं को रोकना उनकी प्राथमिकता है। इसके साथ ही पहाड़ में तेजी से जड़े फैला रहे ड्रग्स के कारोबार को भी तोड़ना है।
भांग, गांजा, चरस, स्मैक ड्रग्स तस्करों का चिन्हीकरण किया गया है जल्द ही तस्कर गिरफ्त में होंगे। स्कूली बच्चों, कालेज विद्यार्थियों को इस नशे से बचाने के लिए कालेज, स्कूलों में जन जागरूकता कार्यक्रम व स्कूलों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। लंबे समय से अपराध में लिप्त बदमाशों की हिस्ट्रीशीट भी तैयार की जा रही। बताया कि शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात के लिए नगर निगम, लोनिवि, एनएच के साथ मिलकर पार्किंग बनाने की योजना चल रही है। रेट्रो साइलेंसर और मोडिफाई बुलेट को भी सीज किया जाएगा।
साथ ही सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में भ्रष्टाचार की शिकायतों को गंभीरता से लेकर गिरफ्तारी की जाएगी। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवरलोडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीड पर भी शिकंजा कसेगा। वन्य जीवों के शिकार और तस्करी रोकने को भी स्पेशल टीमें गठित होंगी। अपराध काबू करने के लिए महिला मंगल दल, युवक मंगल दल के साथ मिलकर जागरूकता कार्यक्रम संचालित होंगे। मानव तस्करी रोकने के लिए भी अपराधियों को चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा।