बुधवार रात चोरों ने भराड़ी के तल्ली बाजार के एक जनरल स्टोर की दुकान में धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान के पीछे के दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर गल्ले में रखे 85 हजार रुपये चुरा लिए। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस में घटना की रिपोर्ट लिखा दी है। पुलिस ने मौका मुआयना करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात भराड़ी बाजार के तल्ली बाजार के जनरल स्टोर के व्यापारी चंचल सिंह ऐठानी रोज की तरह दुकान बंद करके अपने घर चले गए। रात किसी समय चोरों ने दुकान के पीछे के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ दिया। चोरों ने दुकान के भीतर रखे 85 हजार रुपये चुरा लिए।
दुकान के दूसरी मंजिल पर रहने वाले युवक ने व्यवसायी को बृहस्पतिवार की सुबह 4:30 बजे फोन के जरिए जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। थानाध्यक्ष एसपी रायपा ने कहा कि मामले को धारा 457, 380 आईपीसी के तहत दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से जांच में पुलिस को सहयोग देने की अपील की है।
व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ऐठानी, नगर पंचायत अध्यक्ष चंपा देवी, सभासद कमला ऐठानी, गिरीश चंद्र जोशी गिर्दा, बबलू ऐठानी, भाजपा नगर अध्यक्ष गीता ऐठानी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष तनुज तिरुवा समेत अनके व्यापारियों ने पुलिस से चोरों का शीघ्र पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।