गरुड़ को जाने वाली टैक्सी में बैठी एक युवती के साथ तीन मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। समझाने पर भी जब मनचले अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो टैक्सी चालकों ने तीनों की धुनाई कर दी। पुलिस को सौंपने से पहले ही तीनों मनचले भाग गए।
बृहस्पतिवार की शाम को बागेश्वर के गरुड़ टैक्सी स्टैंड में एक जीप में गरुड़ को जाने वाली सवारियां बैठी थीं। जीप चालक अन्य सवारियों के इंतजार में समीप ही खड़ा था। इसी दौरान तीन मनचले युवकों ने जीप में बैठी युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। टैक्सी चालक के युवकों को टोकने के बाद भी वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। इसके बाद वहां पहुंचे टैक्सी चालकों ने तीनों मनचले युवकों की धुनाई कर दी। तीनों युवकों को पकड़कर जमकर पीटा गया।
जब तीनों मनचलों को थाने ले जाने की कोशिश की गई तो सभी चकमा देकर फरार हो गए। थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर होने के बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। टैक्सी स्टैंड में युवती से छेड़छाड़ की घटना से नगरवासियों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।