मेहरौनाघाट। बारात में छेड़छाड़ के विरोध पर मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार चल रहे प्रधान के पति समेत चार लोगों की तलाश जारी है। उधर माहौल को देखते हुए पुलिस गांव पर नजर रख रही है।
लार थानाक्षेत्र के गढ़वा खास गांव निवासी मानकी देवी की बेटी की बारात मऊ से 16 मई को आई थी। बारात में नर्तकी से गांव का एक युवक छेड़छाड़ कर दिया। इसका लोगों ने विरोध करते हुए युवक को डांटकर खदेड़ दिया। इसके बाद युवक के पक्ष में कुछ लोग गोलबंद होकर पहुंचे लोगों ने जमकर उपद्रव मचाया।
जयमाल के दौरान मौजूद महिलाओं से भी मारपीट करने वालों ने बदसलूकी की और कुर्सी, चारपाई तोड़ दिया। इन लोगों के उपद्रव से रातोंरात बारातियों को भागना पड़ा और पुलिस की मौजूदगी में शादी हुई। पुलिस इस मामले में गांव के प्रधान पति शाहिद, नजमुदीन, जाहिद, नसरूदीन, मुजिद और शबिर पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस के कार्रवाई के बाद सभी आरोपी भूमिगत हो गए। लेकिन पुलिस ने नसरूदीन और जाहिद को गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत एसओ डा. विनय प्रकाश राय ने बताया कि दो आरोपियों को जेल भेजा गया है। अन्य की तलाश चल रही है।