बागेश्वर। पुलिस तमाम तरह के अपराधों में लिप्त 10 लोगों पर गुंडा एक्ट लगाने की तैयारी में है। पुलिस प्रशासन की ओर से आपराधिक तत्वों की सूची जिलाधिकारी को सौंपी है। गुंडा एक्ट लगने के बाद ऐसे तत्वों को छह माह के लिए जिला बदर किया जाएगा।
मालूम हो कि बागेश्वर जिले में लूट, मारपीट, शराब तस्करी सहित तमाम आपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं।
इस तरह की गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस प्रशासन की ओर से जिले भर में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 10 लोगों की सूची तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी गई है।
इनमें सबसे अधिक छह लोग बागेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं, जबकि अन्य चार कपकोट और अन्य थाना क्षेत्रों के हैं। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले व्यक्तियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। ऐसे लोगों की सूची संस्तुति के साथ जिलाधिकारी को भेजी गई है। संस्तुति मिलने पर ऐसे तत्वों को छह माह के लिए जिला बदर किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।