कपकोट (बागेश्वर)। एक बोलेरो जीप मोड़ते समय रसोई गैस एजेंसी कार्यालय का शटर तोड़ते हुए अंदर घुस गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। कार्यालय का केबिन, कंप्यूटर और फर्नीचर चकनाचूर हो गए, जिससे डेढ़ लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं गैस प्रबंधक ने घटना की तहरीर पुलिस में दे दी है।
बुुधवार रात करीब 10 बजे बोलेरो जीप यूके02-1345 का चालक जीप को पिंडारी सड़क से लगे रसोई गैस एजेंसी के कार्यालय के सामने से मोड़ रहा था। इस बीच जीप अनियंत्रित होकर कार्यालय का शटर तोड़ते हुए अंदर घुस गई। गैस कर्मियों को घटना की सूचना बृहस्पतिवार को कार्यालय आने के बाद हुई। प्रबंधक राजेंद्र कुमार मवाड़ी ने पुलिस को घटना की तहरीर दी। एसआई गोपाल राम ने मौका मुआयना कर घटना की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस से नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।