बागेश्वर। शुक्रवार की रात जिला अस्पताल के समीप खड़े आधा दर्जन से अधिक वाहनों को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। वाहनों के शीशे तोड़कर अंदर रखी टेप व अन्य सामग्री चुरा ली। वाहन मालिकों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि जिला अस्पताल के समीप खड़ी कार यूके 04- 4336, केवलानंद जोशी की आल्टो कार यूके 02- 4012, पूरन सिंह की मैक्स यूए 04- 7543, जगदीश कुमार की सूमो यूके 06-4206, कमलजीत नारायण की अंबेसडर कार यूए 02-1600 तथा प्रह्लाद राम की अल्टो यूके 02- 7938 को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। कोतवाल टीआर वर्मा ने मौका मुआयना कर वाहन स्वामियों को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया है। गौरतलब है कि मंडलसेरा क्षेत्र में भी विगत लंबे समय से रात के समय वाहनों को क्षतिग्रस्त करने वाला गिरोह सक्रिय है। जिसका अभी तक पुलिस पर्दाफाश नहीं कर सकी है।