बागेश्वर। बैजनाथ की युवती के नाम की फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर लोगों को गुमराह करने वाले युवक को पुलिस की एसओजी टीम ने गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि सलमान पुत्र मोहर्रम निवासी मुजफ्फरनगर(उत्तर प्रदेश) बीते एक माह से बैजनाथ निवासी एक युवती के नाम की फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर लोगों को गुमराह कर रहा था। एक माह पूर्व युवती ने बैजनाथ थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की थी। बैजनाथ पुलिस ने यह मामला एसओजी टीम को हस्तांतरित किया था। एसओजी प्रभारी सत्यप्रकाश रायपा के नेतृत्व में हेम मठपाल, चंदन कोहली, बसंत पंत, महेंद्र सिंह, इमदार हुसैन, विरेंद्र सिंह की टीम ने आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर धारा 294, 504 व आइटी एक्ट के तहत बागेश्वर से गिरफ्तार किया है।
लोकेशन बदल छकाता रहा आरोपी
बागेश्वर। तकनीकी रूप से दक्ष आरोपी सलमान पुलिस को छकाने के लिए बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। जिस कारण पुलिस आरोपी को ट्रेस नहीं कर पा रही थी। कोतवाल टीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी सलमान यूं तो मजदूरी का कार्य करता है, लेकिन वह मोबाइल, फेसबुक सहित अन्य तकनीकी मामलों के संचालन में दक्ष है। उसे पता था कि उसने अपराध किया है जिस कारण वह पुलिस को छकाने के लिए बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। शनिवार को बागेश्वर पहुंचने पहले से इंतजार कर रही पुलिस टीम ने दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि आइटी एक्ट का यह पहला मामला पंजीकृत हुआ है। इस मामले में पुलिस ने फेसबुक से भी मदद ली।