कपकोट (बागेश्वर)। अदालत के आदेश पर पुलिस ने एसबीआई के फील्ड अफसर के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले पुलिस एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी। अदालत के रुख के बाद पुलिस को बैक फुट पर आना पड़ा।
31 मार्च से 17 अप्रैल तक कपकोट एसबीआई में तैनात काशीपुर निवासी फील्ड अफसर अमित सिंह ने शाही बेकरी के नाम से नौ लाख का लोन पास किया। आरोप है कि उसने इस धनराशि का गबन किया। अपनी कारगुजारी पर पर्दा डालने के लिए फील्ड अफसर ने बैंक के अभिलेखों से भी छेड़छाड़ भी की। इस मामले का खुलासा होने के बाद प्रबंधन ने आरोपी अफसर को बागेश्वर एसबीआई से संबद्ध कर दिया। कपकोट के शाखा प्रबंधक एएस ढकरियाल ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। बताया गया कि पुलिस मामला दर्ज करने से आनाकानी करती रही।
आखिरकार बैंक प्रबंधन ने सीजेएम कोर्ट की शरण ली। इसके बाद अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए। सीओ एमसी जोशी ने बताया कि अदालत के आदेश पर रविवार को आईपीसी की धारा 409 और 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच रीमा चौकी प्रभारी जेएस चुफाल को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।