बागेश्वर। कमेड़ी देवी का सरस्वती शिशु मंदिर बिना मान्यता के चल रहा है। स्कूल प्रबंधन ने मान्यता के मानक ही पूरे नहीं किए हैं। प्रबंधन खुलेआम विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी के छापे में मामले का खुलासा हुआ। शिक्षा विभाग प्रबंधन को नोटिस जारी करने की तैयारी में है।
जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पूनम चौहान ने बृहस्पतिवार को कमेड़ी देवी शिशु मंदिर पर छापा मारा। इस दौरान स्कूल बिना मान्यता चलता मिला। विभाग की आपत्ति के बाद भी स्कूल प्रबंधन ने मान्यता के मानक पूरे नहीं किए थे। विभाग इससे पहले भी स्कूल को कई बार नोटिस जारी कर चुका था लेकिन प्रबंधन ने अवैध संचालन जारी रखा। शिक्षा अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के बाद प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है। सीईओ को निरीक्षण की रिर्पोट भेजी जा रही है। जल्द मानक पूरे नहीं मिले तो अग्रिम कार्रवाई होगी। उन्होंने अभिभावकों से गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों में अपने पाल्यों का प्रवेश न कराने की अपील की है।
आपदा से स्कूल भवन को खतरा
बागेश्वर। कमेड़ी देवी शिशु मंदिर के स्कूल भवन आपदा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में संभावित आपदा की तस्वीर सामने आई। पाया गया कि विद्यालय की भौगोलिक परिस्थिति आपदा का खतरा बढ़ा रही है। विद्यालय भवन खतरे की जद में है। बावजूद इसके विद्यालय का इसी भवन में संचालन किया जा रहा है। शिक्षा अधिकारी ने सीईओ को भेजी रिपोर्ट में इस तथ्य का भी उल्लेख किया है।